हिमाचल

आधी रात को घर से निकली 22 वर्षीय युवती नहीं लौटी

 

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक युवती के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे से सटे बजौरा-भुंतर क्षेत्र में रहने वाली राजस्थान की 22 वर्षीय युवती अचानक घर से निकल गई और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।

रात ढाई बजे अचानक घर से निकली युवती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता युवती अम्बेडकर नगर क्षेत्र में रहती थी। युवती के छोटे भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

शिकायत में बताया गया कि उसकी 22 वर्षीय बड़ी बहन रात करीब 2:30 बजे बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गई। जब काफी समय बीतने के बाद भी वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए।

इसके बाद परिवार के सदस्यों ने युवती की आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। आखिरकार परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

भाई ने जताई अपहरण की आशंका

युवती के भाई ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बहन का अपहरण किया हो सकता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी अभिषेक सेकर ने बताया कि युवती के लापता होने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और युवती की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, युवती के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *