हिमाचल में 32 साल के युवक की ह**त्या! मा..रपीट के बाद तोड़ा दम
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्धर उपमंडल के गवाली कस्बे में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में कुछ युवकों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अजय कुमार (32) पुत्र शेर सिंह निवासी गांव रोपा, चैहारघाटी, तहसील पद्धर के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद उसके पिता ने तीन युवकों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में नामजद तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मेला देखने गया था अजय
जानकारी के अनुसार अजय कुमार शनिवार को हिमरी गंगा मेले में गया था। उसके साथ उसका भाई भी मेले में पहुंचा था, लेकिन शाम के समय भाई घर वापस लौट आया, जबकि अजय घर नहीं पहुंचा।
रात करीब 12 बजे परिवार को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि अजय के साथ गवाली में कुछ युवकों की कथित तौर पर बहस और मारपीट हुई है। वह घायल अवस्था में है और उसे उपचार के लिए पद्धर अस्पताल पहुंचाया गया है।
परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने अजय का प्रारंभिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया। मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया।
रात 10 बजे रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में हुई थी बहस
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 10 बजे गवाली स्थित एक रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में हुई। बताया जा रहा है कि अजय अपने रिश्तेदार दिनेश कुमार के पास गवाली गया था। दिनेश कुमार की बिल्डिंग में एक रेस्टोरेंट संचालित होता है।
बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में पहले से कुछ युवक मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट बंद होने और देर रात होने के कारण वहां मौजूद युवकों से जाने का अनुरोध किया गया था। इसी बात को लेकर कथित तौर पर बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद घायल अजय को उसके रिश्तेदार दिनेश कुमार और अन्य युवकों द्वारा उपचार के लिए पद्धर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने के समय अजय के मुंह से खून और झाग निकल रहा था। डॉक्टरों ने उसका प्रारंभिक उपचार करने के बाद मेडिकल-लीगल रिपोर्ट तैयार की और गंभीर हालत को देखते हुए उसे मंडी रेफर कर दिया। हालांकि, मंडी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस रात में ही अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पिता ने तीन युवकों पर लगाया हत्या का आरोप
बेटे की मौत के बाद अजय के पिता शेर सिंह ने पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नौहली निवासी साहिल, चमाह पद्धर निवासी नवीन और कटिपरी पद्धर निवासी आदित्य ठाकुर ने उनके बेटे के साथ बहस और मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
पिता ने तीनों युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उनके बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और अजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट हो पाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को जांच के दायरे में ले लिया है। रीजनल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम भी गवाली पहुंची और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी और थाना प्रभारी पद्धर अनिल कटोच भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। इस दौरान गवाली पंचायत की प्रधान प्रोमिला देवी भी मौके पर मौजूद रहीं।
पुलिस ने मामले में नामजद तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर विवाद की शुरुआत से लेकर युवक की मौत तक की पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
नेरचौक में हुआ पोस्टमार्टम, गांव में अंतिम संस्कार
अजय कुमार के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नेरचौक में करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रविवार को पैतृक गांव रोपा दाढ़ी नाला में अजय कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी पुलिस जांच में अहम भूमिका निभाएगी। रिपोर्ट से युवक की मौत की वास्तविक वजह और उसके शरीर पर लगी चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही इस सनसनीखेज घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।