हिमाचल

HRTC बस से टकराई बाइक, सुबह-सवेरे हुआ दर्दनाक हाद..सा

 

हिमाचल प्रदेश में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। एक 20 वर्षीय छात्र रोज की तरह पढ़ाई के लिए अपने घर से निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। रास्ते में HRTC बस और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक और HRTC बस की आमने-सामने भिड़ंत

यह दर्दनाक हादसा कांगड़ा जिले के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के चालाली में सोमवार सुबह पेश आया। यहां एक बाइक और HRTC बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय दीपक भारद्वाज निवासी गुरल के रूप में हुई है।

पढ़ाई के लिए जा रहा था दीपक

जानकारी के अनुसार, दीपक भारद्वाज सोमवार सुबह बाइक पर सवार होकर ढलियारा स्थित अपने शिक्षण संस्थान में पढ़ाई के लिए जा रहा था। इसी दौरान चालाली के पास उसकी बाइक सामने से आ रही HRTC बस से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि HRTC बस भरवाईं की ओर जा रही थी। अचानक हुई इस जोरदार भिड़ंत में दीपक को गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि युवक को बचाया नहीं जा सका।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मोईन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है। पुलिस अब हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों वाहनों की टक्कर की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच कर रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पंचायत चालाली के प्रधान अश्वनी कुमार और उपप्रधान दीपक राजपूत भी घटनास्थल पर पहुंचे। उपप्रधान के अनुसार, दीपक पढ़ाई के लिए ढलियारा जा रहा था, जबकि HRTC बस भरवाईं की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

20 साल की उम्र में बुझ गया घर का चिराग

महज 20 साल की उम्र में दीपक की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। जिस उम्र में दीपक अपने भविष्य को संवारने और पढ़ाई के सपने पूरे करने में जुटा था, उसी उम्र में एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।

दीपक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ पाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *