ईद की खुशियां मातम में बदलीं पानी से भरी खड्ड में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में ईद के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सैनवाला मुबारकपुर क्षेत्र में ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे सात वर्षीय मासूम की पानी से भरी खड्ड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मासूम आयान सुबह अपने परिवार के साथ ईद की नमाज पढ़ने ईदगाह पहुंचा था। नमाज के दौरान उसके पिता और दादा इबादत में व्यस्त थे, जबकि बच्चा आसपास खेल रहा था। इसी बीच वह अचानक लापता हो गया।
परिजनों ने पहले ईदगाह परिसर और आसपास बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी खोजबीन में जुट गए।
काफी तलाश के बाद ईदगाह से कुछ दूरी पर स्थित एक गहरी और दलदली खड्ड में बच्चे के डूबे होने का पता चला। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंचाई नहर से पानी के रिसाव के कारण खड्ड में काफी पानी जमा हो गया था, जिससे वहां दलदल जैसी स्थिति बन गई थी। बताया जा रहा है कि खड्ड की गहराई करीब साढ़े चार फुट थी। आशंका है कि खेलते समय बच्चा वहां पहुंच गया और पानी व दलदल में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
ईद के दिन हुए इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलभराव वाले खतरनाक स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।