बिलासपुर में दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हमला पुलिस के सामने युवक पर ताबड़तोड़ वार
बिलासपुर में दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हमला, पुलिस के सामने युवक पर ताबड़तोड़ वार, आरोपी फरार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के पास दिनदहाड़े एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन हमलावर हमला करने के बाद फरार होने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसके बाद हमलावरों ने युवक पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घायल युवक की पहचान सन्नी गिल के रूप में हुई है, जो पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वह बुधवार को किसी मामले में पेशी के लिए बिलासपुर आ रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर बिलासपुर नंबर की कार में सवार होकर पहुंचे थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है। सन्नी गिल का नाम वर्ष 2024 में बिलासपुर कोर्ट के पास हुए चर्चित गोलीकांड में भी सामने आया था, जिसमें उस पर एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
हमले में घायल सन्नी गिल के पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस बीच घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घायल युवक सड़क पर पड़ा दिखाई देता है, जबकि आसपास पुलिसकर्मी मौजूद नजर आते हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति दावा करता है कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ और वह कथित हमलावरों की कार का नंबर भी बताता सुनाई देता है। वीडियो में घायल सन्नी गिल इशारों में अपना नाम और अमृतसर का रहने वाला होने की बात भी बताता दिखाई देता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में बिलासपुर कोर्ट परिसर के पास हुए गोलीकांड ने भी प्रदेशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उस मामले में एक पूर्व विधायक के बेटे का नाम सामने आया था और बाद में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर भी गोली चलने की घटना हुई थी। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ताजा हमला किसी पुरानी दुश्मनी की कड़ी तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।