हिमाचल: मायके से ससुराल जाते समय 20 वर्षीय विवाहिता लापता
हिमाचल: मायके से ससुराल जाते समय 20 वर्षीय विवाहिता लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक 20 वर्षीय विवाहिता के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। मायके से ससुराल के लिए निकली महिला अपने गंतव्य तक नहीं पहुंची, जिसके बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला बैजनाथ उपमंडल के बीड़ क्षेत्र का है। महिला के पिता, जो मंडी जिले की पद्धर तहसील के रहने वाले हैं, ने बीड़ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत में बताया गया है कि उनकी बेटी ने अगस्त 2025 में बीड़ निवासी एक युवक से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों ने घर से भागकर शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, 6 जुलाई को विवाहिता अपने मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वह वहां नहीं पहुंची। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
महिला के पिता ने आरोप लगाया है कि रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उन्होंने पुलिस से बेटी का जल्द से जल्द पता लगाने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन जारी है।
नोट: फिलहाल महिला के अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।