हिमाचल

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौके पर मौत

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में रविवार को एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी-नाव सड़क पर हुआ। कार अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने के बाद सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुमार निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा तथा जितेंद्र निवासी चाड़चधार धबास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों में भी शोक की लहर है।

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से पूरे नेरवा क्षेत्र में शोक की लहर है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता की याद दिलाता है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *