हिमाचल

ऊना में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप तीन युवकों पर केस दर्ज

 

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब क्षेत्र से कॉलेज छात्रा के साथ कथित बदसलूकी, मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। छात्रा ने तीन युवकों पर लंबे समय से फब्तियां कसकर परेशान करने और कॉलेज गेट के बाहर उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद अंब पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज गेट के बाहर हुआ विवाद

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 14 अगस्त को छात्रा कॉलेज गेट के बाहर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान गौंदपुर बनेहड़ा निवासी तीन युवक वहां पहुंचे। छात्रा का आरोप है कि युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और फब्तियां कसना शुरू कर दिया।

जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारने के साथ लातों से भी पीटा। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि तीनों युवक उसे पहले से ही परेशान करते आ रहे थे और घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घर पहुंचकर परिजनों को बताई आपबीती

घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने अंब पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रा को पहले से किस तरह परेशान किया जा रहा था और आरोपियों के साथ उसका कोई पुराना विवाद था या नहीं। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों से पूछताछ भी कर रही है।

जिला पुलिस कप्तान सचिन हीरेमठ के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *