हिमाचल

Himachal | खड्ड के पास टहलने निकले 2 युवक

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां टहलने निकले दो 17 वर्षीय युवक अचानक हाई वोल्टेज बिजली लाइन के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवक झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

सुनहेल खड्ड के किनारे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा हमीरपुर जिले के जाहू क्षेत्र में बीते शनिवार को हुआ। दो युवक सुनहेल खड्ड के किनारे घूमने निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों भू-कटाव रोकने के लिए लगाए गए सपार के ऊपर से गुजर रहे थे।

इसी स्थान के ठीक ऊपर से 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान दोनों युवक अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े।

तार को छुए बिना करंट की चपेट में आए युवक

बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने बिजली की तारों को सीधे तौर पर हाथ नहीं लगाया था। इसके बावजूद हाई वोल्टेज लाइन के प्रभाव के कारण दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, घटना के बाद आसपास की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।

एक युवक को PGI चंडीगढ़ किया गया रेफर

घायलों की पहचान पंजाब निवासी गुरप्रीत और उत्तर प्रदेश निवासी सुखदेव के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार के बाद सुखदेव की हालत ठीक बताई गई और उसे छुट्टी दे दी गई।

वहीं, गंभीर रूप से झुलसे गुरप्रीत की हालत नाजुक बनी हुई थी। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

समय रहते बिजली आपूर्ति बंद की गई

हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। समय रहते बिजली बंद होने से किसी बड़े हादसे की आशंका को टालने में मदद मिली।

पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं, जाहू पुलिस चौकी ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर दोनों युवक किस तरह हाई वोल्टेज लाइन के करंट की चपेट में आए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *