हिमाचल

सुबह घर से निकली थी महिला अगले दिन खड्ड के पास मिली देह- सदमे में परिवार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धीरा क्षेत्र में न्यूगल खड्ड के बलोटी पुल के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार शाम शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय विक्रमा देवी पत्नी स्वर्गीय शांकी राम, निवासी मैंझा, मंगलवार तड़के करीब चार बजे घर से निकली थीं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच सोशल मीडिया पर न्यूगल खड्ड के पास महिला का शव मिलने की तस्वीरें सामने आईं। तस्वीरें देखने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।

परिजनों के मुताबिक, विक्रमा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और पहले भी कई बार बिना बताए घर से चली जाती थीं। मंगलवार को भी वह घर से निकल गई थीं, लेकिन इस बार वापस नहीं लौटीं।

मृतका के बेटे जसवंत सिंह ने शव की पहचान की। पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों ने शव की पहचान कर ली है और फिलहाल किसी व्यक्ति पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर किसी आपराधिक घटना की आशंका सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *