हिमाचल

हिमाचल की सियूल नदी किनारे मिला कंकाल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के डनून (सुंडला) के पास बैरा सियूल नदी के किनारे बुधवार शाम एक पुराना और बुरी तरह गल-सड़ा कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कंकाल इतना पुराना बताया जा रहा है कि उसकी पहचान करना भी पुलिस के लिए मुश्किल हो गया है।

शौच के लिए गए व्यक्ति की पड़ी कंकाल पर नजर

जानकारी के अनुसार, डनून के पास एक व्यक्ति बैरा सियूल नदी किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसकी नजर नदी किनारे पड़े एक पुराने कंकाल पर पड़ी।

कंकाल देखकर व्यक्ति के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना किहार को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

हालत खराब होने के कारण नहीं हो सकी पहचान

पुलिस ने मौके पर कंकाल की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन शव काफी पुराना और पूरी तरह गल-सड़ चुका होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह कंकाल किस व्यक्ति का है और वह यहां तक कैसे पहुंचा। मामले को लेकर आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी भी जुटाई जा सकती है।

तीन दिन तक शव गृह में रखा जाएगा कंकाल

पुलिस कंकाल को पहचान के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के शव गृह में तीन दिन तक रखेगी। इस दौरान यदि कोई व्यक्ति कंकाल को अपने परिजन के रूप में पहचानता है तो पुलिस डीएनए टेस्ट के माध्यम से भी इसकी पुष्टि करेगी।

डीएनए जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कंकाल को संबंधित परिजनों के हवाले किया जाएगा।

वारिस नहीं मिलने पर किया जाएगा अंतिम संस्कार

अगर तीन दिन के भीतर कंकाल की पहचान नहीं हो पाती और कोई वारिस सामने नहीं आता है तो पुलिस नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार करेगी।

वहीं, नदी किनारे पुराना कंकाल मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इस बात को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं कि आखिर यह कंकाल किसका है और यह यहां कैसे पहुंचा।

पुलिस ने शुरू की जांच

सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने बताया कि कंकाल को तीन दिन तक पहचान के लिए शव गृह में रखा जाएगा। इसके साथ ही पोस्टमार्टम और डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अगर निर्धारित समय के भीतर कंकाल का कोई वारिस सामने नहीं आता है तो नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और कंकाल की पहचान होने के बाद ही इस रहस्यमयी मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *