हाईवे पर दो कारों में हुई जोरदार टक्कर दादा की थमी सांसें
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और दो पोते-पोती घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया।
पिता को दवाई दिलाने ऊना जा रहा था बेटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नकड़ोह निवासी 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद अपने बेटे गौरव जसवाल, पोती अन्वी जसवाल और पोते आरव जसवाल के साथ ऑल्टो कार में ऊना जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गौरव अपने पिता को दवाई दिलाने के लिए ऊना ले जा रहा था।
परिवार को क्या पता था कि इलाज के लिए शुरू हुआ यह सफर उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगा। जैसे ही उनकी कार दिलवां के पास पहुंची, सामने से आ रही ब्रेजा कार के साथ उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहन
हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद दोनों कारों में सवार लोग घायल अवस्था में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद ने दम तोड़ दिया। हादसे में उनका बेटा गौरव जसवाल और पोता-पोती भी घायल हुए हैं।
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों कारों के बीच टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि दोनों कारों के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि ब्रेजा कार में हरियाणा के पिहोवा से आए दो लोग सवार थे, जो हादसे में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मां बगलामुखी मंदिर जा रहे थे ब्रेजा सवार
जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार में सवार लोग हरियाणा के पिहोवा से हिमाचल प्रदेश आए थे और मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। वहीं ऑल्टो कार में सवार परिवार ऊना की तरफ जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, दिलवां के पास ब्रेजा चालक युवराज सिंह ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सामने से आ रही ऑल्टो से जा टकराई। टक्कर के बाद ब्रेजा कार घूमकर विपरीत दिशा में जा पहुंची।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हो गया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े होने के कारण कुछ समय तक वाहन एक ही लाइन से गुजरते रहे, जिससे मौके पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संबंध में ब्रेजा चालक युवराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
यह हादसा उस परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया। जिस बेटे के साथ राजेंद्र प्रसाद दवाई लेने ऊना जा रहे थे, उसी सफर में परिवार ने अपने बुजुर्ग सदस्य को हमेशा के लिए खो दिया। बेटा अपने पिता को इलाज के लिए घर से लेकर निकला था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि अस्पताल से उसे अपने पिता के शव के साथ वापस लौटना पड़ेगा।