हिमाचल

हिमाचल में निजी बस ने कुचल दिया बाइक सवार

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई परिवार अपने प्रियजनों को खो रहे हैं। अब ताजा मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां एक निजी बस की चपेट में आने से बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान धर्मपाल निवासी ऊना के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

निजी बस ने बाइक को मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मपाल गुरुवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जब वह ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतंजलि स्टोर और पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो सड़क पर बने कट के पास एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी जिंदगी की डोर

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल धर्मपाल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। धर्मपाल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क के कट को लेकर लोगों में रोष

इस हादसे के बाद ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतंजलि स्टोर और पेट्रोल पंप के समीप बने सड़क कट को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर लंबे समय से यातायात व्यवस्था को लेकर परेशानी बनी हुई है और पहले भी कई बार प्रशासन के समक्ष इस समस्या को उठाया जा चुका है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इसी कट से शहर की घनी आबादी वाली कॉलोनी के लिए वाहनों की आवाजाही होती है। सुबह और शाम के समय यहां वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद इस स्थान पर कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस संवेदनशील कट पर जल्द उचित यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।

धर्मपाल की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है, ताकि किसी और परिवार को अपना सदस्य न खोना पड़े।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *