हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग–503 पर रक्कड़ के पास बुधवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक की चेन में महिला का दुपट्टा फंस गया।
मृतका की पहचान रक्षा देवी (63) पत्नी रूप सिंह चौहान, निवासी गांव गुरल, देहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रक्षा देवी अपनी पुत्रवधू और छोटे बच्चे की देखभाल के लिए अक्सर गुरल से रक्कड़ आया-जाया करती थीं। उनकी पुत्रवधू रक्कड़ स्थित ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत हैं और परिवार किराए के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम रक्षा देवी गुरल से रक्कड़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अप्पर रक्कड़ क्षेत्र में, रक्कड़ से करीब दो किलोमीटर पहले अचानक उनका दुपट्टा बाइक की चेन में उलझ गया। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं और हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह हादसा दुर्घटनावश प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद गुरल और रक्कड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है। रक्षा देवी के असामयिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।