कुल्लू में ऑटो रिक्शा से मिला युवक का शव इलाके में फैली सनसनी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। थाना कुल्लू क्षेत्र के अंतर्गत पिरड़ी के पास दिन के समय एक ऑटो रिक्शा में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो रिक्शा रात से लेकर सुबह तक उसी स्थान पर खड़ा रहा। दिन निकलने के बाद जब लोगों ने ऑटो के भीतर झांककर देखा, तो एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। काफी देर तक कोई हरकत न होने पर अनहोनी की आशंका जताई गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो रिक्शा को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 36 वर्षीय रामनरेश पुत्र शाउनू राम के रूप में हुई है, जो गांव तलोगी, जिला कुल्लू का रहने वाला था।
ठंड से मौत की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वह रात के समय ऑटो रिक्शा में ही सो गया और अत्यधिक ठंड के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने ऑटो चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रामनरेश ऑटो में कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने रात वहीं बिताई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय ऑटो चालक कहां था और ऑटो उसी स्थान पर क्यों खड़ा किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि मामला पूरी तरह प्राकृतिक मृत्यु का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी शामिल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।