हिमाचल

जयपुर घूमने गए चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के साथ सीएम ने वीडियो कॉल से की बात जानें उनके अनुभव

 

मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत जिला मंडी के चाइल्ड केयर इंस्टीच्यूट (सीसीआई) सुन्दरनगर, तल्यार, भरनल और डैहर में रह रहे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ इन दिनों एक विशेष शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण पर चंडीगढ़ और जयपुर गए हुए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज दिल्ली से मोबाइल फोन से वीडियो कॉल कर बच्चों से संवाद किया और उन्हें इस यात्रा का भरपूर आनंद लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भ्रमण के दौरान बच्चों को ज्ञानार्जन के साथ-साथ विभिन्न विषयों को समझने के बेहतरीन अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बच्चों से पूछा कि क्या उन्होंने पहले कभी हवाई यात्रा की है, जिस पर बच्चों ने बताया कि यह उनका पहला हवाई सफर है और उन्हें हवाई जहाज में यात्रा करने का अनुभव बेहद रोमांचक लगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके ठहरने और खान-पान की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बच्चों को आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार 27 वर्ष की आयु तक इन बच्चों का पूरा ध्यान रखेगी।
इस भ्रमण में चार चाइल्ड केयर इंस्टीच्यूट में रह रहे कुल 31 बच्चे भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत राज्य सरकार बच्चों को केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक अवसर भी प्रदान कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक संस्थानों से परिचित करवाना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, देश के प्रति समझ और सामाजिक चेतना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और देखभाल में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *