हिमाचल

हिमाचल में तेज रफ्तार ट्रक चालक ने कु.चल दी MBBS की दो छात्राएं

हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

हमीरपुर के नादौन में सोमवार रात करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो एमबीबीएस छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रॉयल गर्ल्स हॉस्टल के पास नादौन रोड पर हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल छात्राओं की पहचान कनिका, निवासी ऊना, और स्वास्तिका, निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों छात्राएं सड़क किनारे खड़ी होकर ऑनलाइन फूड डिलीवरी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान नादौन की ओर से तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच एक अज्ञात कार चालक ने इंसानियत दिखाते हुए दोनों घायल छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उनका इलाज शुरू हो सका।

वहीं, स्थानीय लोगों ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान योगराज, निवासी मंडी के रूप में की है। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है, जबकि घायल छात्राओं का अस्पताल में इलाज जारी है।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही किस तरह लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी हो गया है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *