दुर्घटनामंडी

Himachal | स्कूली बच्चों को लेकर लौट रही कार गहरी खाई में गिरी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां स्कूली बच्चों को लेकर लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार मासूम बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दुर्घटना सुंदरनगर उपमंडल के डैहर-समलेहू संपर्क मार्ग पर भंतरेहड़ नाले के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे एक निजी स्कूल के छात्र थे और वार्षिक परीक्षा का परिणाम लेकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भीषण था। कार के गिरते ही जोरदार आवाज आई और आसपास चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए एम्स बिलासपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों की पहचान 65 वर्षीय चालक बसंत राम, वंदना (25 वर्ष) और चार बच्चों—रियांश (8 वर्ष), सुप्रित (10 वर्ष), अर्णव (8 वर्ष) और रिहाना के रूप में हुई है। सभी घुमारवीं तहसील के गांव बलोह, जिला बिलासपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *