हिमाचल

ऊना में मानवता शर्मसार: 6 साल की बच्ची को अमरूद तोड़ने के शक में बांधा वीडियो वायरल

 

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। बहडाला क्षेत्र में एक छह साल की मासूम बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला उजागर हुआ है।

मासूम को दी गई क्रूर सजा
जानकारी के अनुसार, बच्ची को एक सेवानिवृत्त फौजी के घर के अंदर सीढ़ियों की रेलिंग से रस्सी और कपड़े की मदद से बांध दिया गया। आरोप है कि बच्ची ने घर के पास लगे अमरूद के पेड़ से फल तोड़ लिया था।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वीडियो में बच्ची डरी-सहमी हालत में “अंकल बचाओ, अंकल बचाओ” कहकर मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है, जो किसी का भी दिल दहला देने के लिए काफी है।

नेवी अधिकारी ने बचाई जान
घटना उस वक्त सामने आई जब नेवी में तैनात अधिकारी रोहित जसवाल वहां से गुजर रहे थे। बच्ची की चीखें सुनकर वह तुरंत घर के अंदर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर वह स्तब्ध रह गए।

उन्होंने तुरंत मकान मालिक से जवाब मांगा, जिसने बच्ची पर अमरूद तोड़ने का आरोप लगाया। इस पर अधिकारी ने कड़ा विरोध जताया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते हुए बच्ची को तुरंत छुड़वाया।

बाद में बच्ची से पूछताछ करने पर उसने अमरूद तोड़ने से साफ इनकार किया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

सोशल मीडिया पर उबाल, जांच शुरू
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्डलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना समाज के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *