झाड़ियों में मिला नवजात अस्पताल में मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र के खोली गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार तड़के वार्ड नंबर 7 में एक मकान के पीछे झाड़ियों में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। बच्चे के शरीर पर कपड़े तक नहीं थे। गंभीर हालत में उसे टांडा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोने की आवाज सुनकर पहुंची लोगों की नजर
बताया जा रहा है कि सुबह करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने झाड़ियों की तरफ से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां नवजात पड़ा हुआ था। इसकी सूचना पंचायत प्रधान कुलवंत चौधरी को दी गई।
पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे और नवजात को कपड़े में लपेटकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चे को तत्काल टांडा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
नवजात की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को झाड़ियों में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा था। DSP राजेश कुमार के अनुसार, पुलिस आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटा रही है और हाल ही में प्रसव वाली महिलाओं के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों से भी जुटाया जा रहा रिकॉर्ड
जांच के तहत पुलिस आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों से भी रिकॉर्ड जुटा रही है। हाल के दिनों में गर्भवती रही महिलाओं और क्षेत्र में हुए प्रसव से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास के हालात और नवजात को वहां तक पहुंचाए जाने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद खोली गांव और आसपास के इलाके में लोगों में गहरा आक्रोश और चिंता देखने को मिल रही है।