नर्सिंग ट्रेनी दिव्य ने खत्म किया अपना जीवन
देवभूमि हिमाचल प्रदेश से एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है।
राज्य के मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में 22 वर्षीय एक नर्सिंग प्रशिक्षु युवती ने कथित मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिव्य ज्योति सैनी के रूप में हुई है, जो हाल ही में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थी।
परिजनों के अनुसार, युवती पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान थी। इस संबंध में मृतका के 72 वर्षीय पिता किशोर चंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
परिवार का आरोप है कि एक युवक लगातार युवती को फोन कर परेशान कर रहा था और उस पर मिलने का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक, ललित कुमार, जो कि पंजाब के पठानकोट के नरोट मेहरा क्षेत्र का निवासी है, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर भी युवती से मिलने पहुंच गया था, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गई।
लगातार हो रहे इस कथित मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
मामले की सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।