हिमाचल

हिमाचल-हरियाणा मर्डर केस: जंगल में मिली अधजली लाश का खुलासा

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में जंगल के भीतर युवती की अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में रहस्यमयी लग रही इस घटना की कड़ियां अब हरियाणा के अंबाला से जुड़ती नजर आ रही हैं।

पुलिस जांच के अनुसार, युवती की हत्या अंबाला में की गई थी। इसके बाद आरोपी शव को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र के धौलाकुआं स्थित जंगल में लाया और पहचान मिटाने की कोशिश में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब स्थानीय लोगों ने जंगल से धुआं उठता देखा। मौके पर पहुंचने पर उन्हें एक युवती का जलता हुआ शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जांच के दौरान CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। फुटेज में आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ रेहड़ी पर बड़ा बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की और आरोपी तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है, जबकि मृतक युवती की पहचान अमनदीप के तौर पर हुई है, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोप है कि आरोपी ने युवती को अपने किराये के कमरे में बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने शव को बैग में रखा और हिमाचल के जंगल में ले जाकर जला दिया। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल पाया, जिससे पुलिस को पहचान स्थापित करने में मदद मिली।

पुलिस ने उस रेहड़ी चालक से भी पूछताछ की है, जिसकी मदद से बैग ले जाया गया था। जांच में सामने आया कि चालक को बैग में शव होने की जानकारी नहीं थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *