हिमाचल

हमीरपुर में युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप पुलिस जांच में जुटी

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ साइबर उत्पीड़न के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ताजा मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है, जहां एक युवक पर युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों के मोबाइल फोन पर साझा करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़िता मानसिक तनाव में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने ऑनलाइन CCTNS पोर्टल के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र निवासी युवक ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और बाद में उसे कई लोगों को भेजना शुरू कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी न केवल वीडियो साझा कर रहा है, बल्कि लोगों को वीडियो दिखाकर उसकी बदनामी करने की कोशिश भी कर रहा है। इससे वह लगातार डर और मानसिक तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।

युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने पहले ही आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया हुआ है। आरोप है कि आरोपी पक्ष उस मामले को वापस लेने के लिए उस पर दबाव बना रहा है। पीड़िता के मुताबिक वीडियो वायरल करने के पीछे भी यही उद्देश्य है ताकि वह डरकर केस वापस ले ले।

इसके अलावा युवती ने आरोपी की बहन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी की बहन ने अपने कार्यस्थल पर कई लोगों को यह वीडियो दिखाया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो किन लोगों तक पहुंचा और किस माध्यम से साझा किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *