कांगड़ा के बनेहड़ गांव में 22 लाख की जेवर चोरी मामले में बड़ा खुलासा
कांगड़ा के बनेहड़ गांव में 22 लाख की जेवर चोरी मामले में बड़ा खुलासा, दिल्ली से सुनार गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के बनेहड़ गांव में हुए लाखों रुपये के जेवर चोरी मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में अब दिल्ली से एक सुनार की गिरफ्तारी के बाद कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। रिश्तों, प्रेम प्रसंग और चोरी के गहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी यह कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लग रही।
महिला के प्रेमी की भूमिका आई सामने
मुख्य आरोपी 29 वर्षीय महिला से पुलिस ने गहन पूछताछ की, जिसके बाद उसने खुलासा किया कि चोरी की वारदात में उसका प्रेमी भी शामिल था। महिला ने हरियाणा निवासी रमेश कुमार का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
चोरी के गहने अलग-अलग जगह बेचे गए
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए गहनों को कई जगहों पर बेचा गया था। महिला ने कबूल किया कि कुछ गहने उसने अपने प्रेमी रमेश कुमार को दिए थे, जबकि कुछ अन्य लोगों को बेच दिए गए। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी के कुछ गहने दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में रहने वाले सुनार मनोज कुमार को भी बेचे गए हैं।
दिल्ली से सुनार गिरफ्तार
सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और उत्तमनगर में सुनार मनोज कुमार के ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को गहनों से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिले, जिसके आधार पर सुनार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को दिल्ली से लंबागांव लेकर आई है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से चोरी हुए बाकी गहनों का भी पता चल सकता है।
फिलहाल मुख्य आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में है, जबकि रमेश कुमार पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि चोरी की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
और गिरफ्तारियां संभव
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस चोरी किए गए बाकी गहनों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
दो बार में की गई थी चोरी
आरोप है कि महिला ने बेहद चालाकी से दो अलग-अलग मौकों पर करीब 22 लाख रुपये के जेवर चोरी किए और लंबे समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला पिछले तीन महीनों में दो बार अपनी नानी के घर आई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पहली बार महिला ने अपनी नानी के गहने चुराए, जबकि दूसरी बार उसने अपनी मामी के जेवरात पर हाथ साफ किया। परिवार को इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि घर में रखे गहने धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
घटना का खुलासा 2 मई को उस समय हुआ जब सास और बहू किसी पारिवारिक समारोह में जाने के लिए तैयार हो रही थीं। जब उन्होंने अलमारी में रखे गहने निकालने चाहे तो जेवर अपनी जगह पर नहीं मिले। पूरे घर में तलाश करने पर लाखों रुपये के गहने गायब पाए गए। करीब 22 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने जब घटनाक्रम को जोड़ना शुरू किया तो शक परिवार की दोहती पर गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और परिवार से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी महिला को दूसरे प्रदेश से हिरासत में लिया और सोमवार को लंबागांव थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।