हिमाचल

जगाधरी-पांवटा हाईवे पर दर्दनाक हादसा एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लालढांग के पास मक्के से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतकों में पिता, उनकी दो बेटियां और एक रिश्तेदार शामिल हैं। घायल महिला मृतक की पत्नी बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक परिवार के सदस्य दो बाइकों पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश स्थित श्री रेणुकाजी में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कलेसर क्षेत्र के पहाड़ी मार्ग पर सामने से आ रहा ट्रक ढलान उतरते समय अचानक बेकाबू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क की दूसरी तरफ आ गया और दोनों मोटरसाइकिलों पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार ट्रक कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र की ढलान से नीचे उतर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *