तालाब में मिली घर से निकले युवक की देह- 12 दिन से था लापता
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां बीएसएल जलाशय से एक युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक पिछले 12 दिनों से लापता था, जिसकी तलाश में परिवार लगातार जुटा हुआ था।
जानकारी के अनुसार युवक के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 8 जून को बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी।
वहीं शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बीएसएल जलाशय में एक शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बाहर निकालने के लिए बीएसएल परियोजना के कर्मचारियों की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद शव को जलाशय से बाहर निकाला गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आशु उर्फ आशीष निवासी गांव खतरवाड़ी, डाकघर अपर बैहली, तहसील सुंदरनगर के रूप में की। युवक 12 दिनों से लापता था और अब उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक जलाशय तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।