दोस्तों संग हिमाचल घूमने आया युवक खाई में गिरा थम गईं सांसें
हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में दोस्तों संग घूमने आया एक युवा पर्यटक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। एक व्यक्ति की मदद करने के दौरान हुए इस हादसे ने खुशियों से भरे ट्रिप को मातम में बदल दिया। युवक की मौत उस समय हो गई, जब वह सड़क किनारे एक कार चालक को वाहन बैक कराने में मदद कर रहा था। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद उसके दोस्त और परिवार गहरे सदमे में हैं।
मृतक की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद स्थित अग्रवाल कॉलोनी निवासी भूपेंद्र भाटी के रूप में हुई है। भूपेंद्र अपने चार दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था। पांचों दोस्तों ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और वे पर्यटन यात्रा पर निकले थे। जानकारी के अनुसार, सभी मित्र 25 जून को फतेहाबाद से रवाना हुए थे। मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद वे लाहौल-स्पीति क्षेत्र की ओर गए थे। उनका सोमवार तक घर लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि रविवार रात वापसी के दौरान सभी दोस्त रास्ते में एक स्थान पर चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक कार चालक ने वाहन को पीछे करने में मदद मांगी। भूपेंद्र उसकी सहायता के लिए आगे आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और कार तेज झटके के साथ पीछे की ओर बढ़ गई। कार की टक्कर लगने से भूपेंद्र संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे से गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे ने मौके पर मौजूद दोस्तों को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही पलों में उनका घूमने-फिरने का उत्साह मातम में बदल गया।
भूपेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता सुल्तान सिंह भाटी बैंक में प्रबंधकीय पद पर कार्यरत हैं। परिवार में दो बहनों के बीच भूपेंद्र सबसे छोटा और इकलौता पुत्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और अन्य परिजन हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए। बेटे की असमय मौत की सूचना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम पूरा किया गया। इसके बाद युवक का शव परिवार को सौंप दिया गया। कुछ दिन पहले जिस साथी के साथ घूमने निकले दोस्त खुशियां बांट रहे थे, अब वही दोस्त उसकी पार्थिव देह के साथ घर लौट रहे हैं। फतेहाबाद पहुंचने पर बुधवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हिमाचल की खूबसूरत वादियों में शुरू हुआ यह सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ समाप्त हो गया। एक छोटी सी मदद करने की कोशिश ने एक युवा जिंदगी छीन ली और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।