हिमाचल

शिमला में महिला की संदिग्ध मौत: सेब के बगीचे में पेड़ से लटका मिला शव पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

 

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेरवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मढ़ाना में शुक्रवार को 34 वर्षीय महिला का शव सेब के बगीचे में बुरांश के पेड़ से लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जबकि पुलिस ने तत्काल पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मढ़ाना के प्रधान ने नेरवा थाना पुलिस को फोन कर बताया कि गांव की एक महिला ने कथित तौर पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस जांच के दौरान महिला का शव पेड़ के नीचे मिला, जबकि पेड़ से रस्सी लटकी हुई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर फंदे का निशान पाया गया, लेकिन शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ महिला के घर की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई अन्य साक्ष्य बरामद नहीं हुआ, जिससे घटना के कारणों का पता चल सके।

मृतका की पहचान 34 वर्षीय गीता देवी, पत्नी सुरेश कुमार, निवासी ग्राम पंचायत मढ़ाना, नेरवा (जिला शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दे दी गई है। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया है। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में मामला निजी कारणों से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *