हिमाचल

Himachal | महिला टीचर सु*सा.इड केस में बड़ा खुलासा

 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। जयदेवी क्षेत्र में सरकारी स्कूल में कार्यरत एक महिला व्यावसायिक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। मामले में मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान आशिमा के रूप में हुई है। वह सरकाघाट क्षेत्र के गांव बारू की रहने वाली थीं। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ सुंदरनगर के जयदेवी में किराये के मकान में रह रही थीं। आशिमा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम आशिमा अपने कमरे में थीं। कुछ समय बाद जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी हुई मिलीं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र किए हैं।

मृतका के भाई आशिद ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उसकी बहन को पति, सास, ससुर और ननद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शिकायत के अनुसार इसी मानसिक दबाव के चलते आशिमा ने यह कदम उठाया।

शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *