हिमाचल

बारिश में फिसली बाइक पेड़ से टकराने पर 23 वर्षीय युवक की मौत

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण जहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। ताजा मामला हिमाचल से सटे पंजाब के पठानकोट से सामने आया है। यहां तेज बारिश के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे विक्रम आदित्य शर्मा बाइक नंबर HP-38-J-2027 पर किसी काम से पंगोली चौक की ओर गया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था।

इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विक्रम आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 23 वर्षीय विक्रम आदित्य शर्मा, पुत्र दिनेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 6 मामून गुरचाल, पठानकोट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका मूल निवास कांगड़ा जिले के गांव महमू में है। विक्रम आदित्य पठानकोट के एक बड़े ज्वेलरी शोरूम में काम करता था।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना शाहपुरकंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के साथी सूरज ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें हादसे की सूचना दी।

जांच अधिकारी ASI धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मृत्यु के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने धारा 194 BNSS और धारा 174 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम करवाया गया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन को देखते हुए वाहन चालकों से बेहद सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *