नाले में बहा 12 वर्षीय बच्चा सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद हुआ शव
बरसात के मौसम में नदी-नालों और पानी वाली जगहों के पास जाना खासकर बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। सिरमौर जिले के कालाअम्ब से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नाले के किनारे दोस्तों के साथ खेल रहा 12 वर्षीय बच्चा अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव हरियाणा सीमा के पास बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, मामला कालाअम्ब के रामपुर जटान क्षेत्र का है। मंगलवार सुबह 12 वर्षीय अमरजीत कुछ अन्य बच्चों के साथ नाले के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले के तेज बहाव में जा गिरा।
पानी का बहाव तेज होने के कारण बच्चा देखते ही देखते बह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल के पास बच्चे की चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कालाअम्ब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। सर्च अभियान में NDRF, होमगार्ड जवानों और स्थानीय लोगों की मदद ली गई। सुबह से शाम तक नाले और आसपास के पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में बच्चे की तलाश की जाती रही।
काफी मशक्कत के बाद शाम के समय हरियाणा सीमा में डेरा गांव के पास बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 12 वर्षीय अमरजीत, निवासी करताहन, तहसील लालगंज, जिला वैशाली, बिहार के रूप में हुई है।
बच्चे का शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया। कालाअम्ब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बरसात के दौरान नदियों, नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों को पानी वाली जगहों से दूर रखने और उन्हें अकेले न जाने देने की जरूरत है।