ऊना: रात में सांप ने डसा सुबह बिगड़ी तबीयत
ऊना: रात में सांप ने डसा सुबह बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाते समय व्यक्ति की मौत
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच सांपों के निकलने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सर्पदंश के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की सांप के काटने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बंगाणा क्षेत्र के रहने वाले रविंदर कुमार को रविवार देर रात करीब 1:30 बजे सोते समय किसी जीव के काटने का एहसास हुआ। अंधेरा होने के कारण यह पता नहीं चल सका कि उन्हें सांप ने काटा है या कोई अन्य जीव। शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और वापस सो गए।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आने लगे, आंखों के आगे अंधेरा छाने लगा और हालत तेजी से खराब होने लगी। इसके बाद परिजन तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल बंगाणा लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सर्पदंश की आशंका के चलते तुरंत उपचार शुरू किया और एंटी स्नेक वेनम (ASV) का इंजेक्शन लगाया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए होशियारपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि परिजन रविंदर कुमार को होशियारपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
रविंदर कुमार के निधन की खबर से परिवार में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से पंचायत अरलू सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बरसात के मौसम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को सांप के काटने की आशंका हो तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लें। समय पर इलाज मिलने से सर्पदंश के कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।