हिमाचल

सुंदरनगर फोरलेन पर तेज रफ्तार कार ने दो ट्रकों को मारी टक्कर एक की मौत

 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में तेज रफ्तार का एक और कहर देखने को मिला है। सुंदरनगर फोरलेन पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक दो ट्रकों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार स्क्रैप से लदी एक गाड़ी से भी जा भिड़ी। हादसे में कार सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अलसू चौक के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12:30 बजे अलसू फोरलेन चौक के पास मुरारी ढाबा के नजदीक हुआ। हमीरपुर के बड़सर निवासी विवेक शर्मा स्क्रैप लेकर भुंतर से नालागढ़ की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में वहां से गुजरी। आरोप है कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार आगे खड़े दूसरे ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार घूमते हुए स्क्रैप से लदी गाड़ी से भी टकरा गई।

कार में फंसे थे पांच लोग

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांचों लोग अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डैहर पहुंचाया गया।

हादसे में घायल सभी पांचों लोग हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें विवेक, सचिन, परवीन, पीयूष और 26 वर्षीय आकाश शामिल थे। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने आकाश पुत्र लोकराम को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, बाकी चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

ट्रक को भी भारी नुकसान

हादसे में कार के साथ दोनों ट्रकों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस के अनुसार टक्कर के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक का पिछला टायर फट गया, जबकि उसकी कमानी और पट्टे भी टूट गए।

पुलिस ने कार का नंबर HR 51 CX 8809 बताया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *