कैंटर से टकराई बाइक के उड़े परखच्चे, सवार की थम गईं सांसें
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं कई परिवारों को जिंदगीभर का दर्द दे रही हैं। ताजा मामला जिला ऊना के गगरेट क्षेत्र से सामने आया है, जहां कैंटर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कैंटर से टकराई बाइक, मौके पर गई जान
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा वीरवार दोपहर बाद गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर हनुमान मंदिर के नजदीक पेश आया। पांवड़ा निवासी गुरमीत सिंह पुत्र गुरबचन सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर होशियारपुर रोड से गुजर रहे थे।
इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे कैंटर के साथ जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि गुरमीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, टक्कर के कारण मोटरसाइकिल बुरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कैंटर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
गगरेट में हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक सड़क दुर्घटना ने फिर एक परिवार को गहरा जख्म दे दिया है।