हिमाचल

सहेली के साथ गई 19 वर्षीय युवती नहीं लौटी घर

हिमाचल प्रदेश में युवतियों के लापता होने के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां घर से निकली बेटियां अचानक लापता हो जाती हैं और परिजन उनकी तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हो जाते हैं। अब ऐसा ही एक मामला जिला कुल्लू के मनाली से सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।

सहेली के साथ घर से निकली, फिर नहीं लौटी

जानकारी के अनुसार मामला मनाली के जगतसुख क्षेत्र का है। यहां रहने वाली हरि प्रिया पत्नी मुनीष ने पुलिस थाना मनाली में अपनी बेटी गुंजन के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक 19 वर्षीय गुंजन 18 नवंबर को इशिका पुत्री जोग कुमार के साथ घर से गई थी। इशिका रामशिला क्षेत्र में रहती है और वह गुंजन को अपने घर लेकर गई थी।

परिजनों को बताया गया था कि गुंजन अगले दिन वापस घर लौट आएगी, लेकिन दिन बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची। शुरुआत में मां ने फोन के माध्यम से बेटी से संपर्क किया था। उस दौरान इशिका ने गुंजन की बात भी उसकी मां से करवाई थी, जिससे परिवार को लगा कि सब कुछ ठीक है।

मोबाइल बंद होने से बढ़ी मां की चिंता

लेकिन इसके बाद अचानक गुंजन का मोबाइल फोन बंद आने लगा। मां ने कई बार बेटी से संपर्क करने की कोशिश की, मगर कोई बात नहीं हो पाई। वहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब इशिका भी गुंजन के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है।

बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने से परेशान मां ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने आशंका जताई है कि गुंजन के लापता होने के पीछे उसकी सहेली की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मां की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम युवती की तलाश में जुटी है और उसके लापता होने से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।

फिलहाल परिवार की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। मां को बस अपनी बेटी के सुरक्षित लौटने का इंतजार है। अब देखना होगा कि 19 वर्षीय गुंजन कहां है और किन परिस्थितियों में लापता हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *