बहन से मिलने आए शादीशुदा प्रेमी को मा**र भाई हुआ फरार
हत्या के आरोपियों को फरार होने में की मदद
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र लोदी माजरा के जट्टी माजरा में प्रवासी कामगार दीपक कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को फरार होने में कथित तौर पर मदद करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद फरार हुए दोनों मुख्य आरोपियों को छिपने और भागने में इन लोगों ने मदद की थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटी शामिल हैं। मंगलवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस रिमांड में होंगे कई खुलासे
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी जमीर अहमद पुत्र अबीब अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी पत्नी और बेटी को भी मामले में गिरफ्तार किया है।
अब पुलिस रिमांड के दौरान तीनों से पूछताछ करेगी कि हत्या के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी कहां छिपे हैं और उन्हें फरार होने में किस तरह की मदद दी गई। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिल सकते हैं।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक युवक का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी, बेटा तथा माता-पिता उत्तर प्रदेश में रहते हैं। वह काम की तलाश में बद्दी आया था और यहां एक कंपनी में नौकरी करता था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को युवती के भाई ने कथित तौर पर दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद वह गुस्से में आ गया और विवाद बढ़ गया।
सिर पर वार के बाद हुई दीपक की मौत
आरोप है कि युवती के भाई ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर दीपक कुमार के सिर पर किसी वस्तु से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय दीपक कुमार निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही मानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने मृतक दीपक कुमार के शव का बिलासपुर स्थित एम्स में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए उसे अपने साथ ले गए।
वहीं, पुलिस फरार चल रहे दोनों मुख्य आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।