बेटे ने होटल में 15 वर्षीय लड़की से की गंदी हरकत
परिचित से मिलने निकली थी नाबालिग
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने बताया कि वह बीती 22 अगस्त को परिजनों को बिना बताए घर से निकल गई थी। वह अपने एक परिचित से मिलने जा रही थी। इस दौरान वह बस से मंडी पहुंची और वहां से बिलासपुर जाने वाली बस में सवार हो गई।
सुंदरनगर में उतरने के बाद हुई युवक से मुलाकात
नाबालिग के अनुसार, रास्ते में वह सुंदरनगर में बस से उतर गई। उसे उस समय यह आभास हुआ कि वह बिलासपुर पहुंच चुकी है। वहां उसने सड़क पर एक महिला से फोन लेकर अपने परिचित से संपर्क करने की कोशिश की और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी रही।
इसी दौरान एक युवक स्कूटी पर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने उसकी परेशानी पूछी और मदद करने का भरोसा दिलाया। नाबालिग के बयान के अनुसार युवक ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। पहले उसने युवक के साथ जाने से इनकार किया, लेकिन बाद में उसके भरोसा दिलाने पर वह स्कूटी पर बैठ गई।
होटलनुमा ढाबे के कमरे में दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के अनुसार युवक उसे बिलासपुर की दिशा में लेकर गया। रास्ते में वह एक होटलनुमा ढाबे पर रुका, जहां एक कमरा लिया गया। आरोप है कि रात करीब नौ बजे युवक ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के अगले दिन युवक उसे अपने घर ले गया। नाबालिग ने युवक के घर पहुंचने पर उसकी मां को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर, जांच जारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल, आरोपी की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।