हिमाचल

पब्बर नदी में मिली दूसरे छात्र की देह

पब्बर नदी में नहाने गए थे दोनों छात्र

हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में नहाने के दौरान डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्थानीय लोगों, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक नदी में सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों छात्रों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

गहरे पानी में चले गए दोनों छात्र

एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी पब्बर नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दोनों छात्रों की तलाश के लिए नदी में व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने स्थानीय लोगों और अन्य बचाव दलों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया।

स्थानीय व्यक्ति ने निकाला एक छात्र का शव

रेस्क्यू अभियान के दौरान कोटडु (करासा) निवासी मंगत राम डोगरा ने एक छात्र के शव को पब्बर नदी से बाहर निकाला। वहीं दूसरे छात्र के शव को एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया।

एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों मृतक छात्रों के परिवारों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।

दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं

दोनों छात्रों की असमय मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से सदमे में हैं। प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *