हिमाचल

पुल से नदी में कूद गई 38 साल की महिला

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डैहर में एक 38 वर्षीय महिला ने सतलुज नदी पर बने पुल से अचानक छलांग लगा दी। महिला के नदी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद स्थानीय युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना महिला को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।

डैहर पुल से सतलुज नदी में लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, जड़ोल क्षेत्र की रहने वाली 38 वर्षीय महिला शनिवार को डैहर स्थित सतलुज पुल के पास पहुंची थी। इसी दौरान उसने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।

महिला के नदी में गिरते ही वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवक तुरंत उसे बचाने के लिए सतलुज नदी में उतर गए। युवकों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

युवकों ने जान जोखिम में डालकर बचाने का किया प्रयास

घटना के दौरान स्थानीय युवकों ने जिस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को बचाने की कोशिश की, उसकी भी चर्चा हो रही है। महिला को डूबता देख युवकों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला। लेकिन तब तक महिला की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

महिला ने क्यों उठाया यह कदम?

महिला ने आखिर ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में डैहर पुल तक पहुंची और नदी में छलांग लगाने से पहले उसके साथ क्या हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डैहर क्षेत्र में हुई यह घटना जिला बिलासपुर के पुलिस थाना बरमाणा के अधिकार क्षेत्र में आती है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *