खड्ड में पड़ी मिली महिला
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चक्की खड्ड के पानी से करीब 50 वर्षीय महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई।
नग्न हालत में मिला महिला का शव
महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने से मामला और भी गंभीर और संदिग्ध हो गया है। शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट और घर्षण के निशान भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी धर्म चंद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके में भी जानकारी हासिल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय नूरपुर भेज दिया है। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार शव ज्यादा पुराना नहीं लगता। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा शव
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने शव को नागरिक चिकित्सालय नूरपुर के शवगृह में रखा है। शव को करीब 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए रखा जाएगा। इस दौरान पुलिस आसपास के इलाकों में महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। महिला की पहचान के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आखिर चक्की खड्ड तक कैसे पहुंची महिला?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला कौन थी और वह चक्की खड्ड तक कैसे पहुंची। महिला की पहचान नहीं होने के कारण जांच में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शरीर पर मिले चोट और घर्षण के निशानों को भी पुलिस गंभीरता से देख रही है।
नूरपुर में नहीं मिली गुमशुदगी की रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक पुलिस जिला नूरपुर में फिलहाल इस हुलिए की किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं है। ऐसे में अब आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता महिला की पहचान करना है। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह चक्की खड्ड तक कैसे पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ पाएगा।