हिमाचल

दोस्त ने कराया नशा बाथरूम में पड़ा मिला 26 साल का राहुल

 

हिमाचल प्रदेश में नशे का बढ़ता कारोबार और इसकी गिरफ्त में आ रहे युवा लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। नशे की ओवरडोज के कारण आए दिन युवाओं की मौत के मामले सामने आ रहे हैं। अब ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला सिरमौर से सामने आया है, जहां 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध नशे की ओवरडोज से मौत हो गई।

कमरे में दोस्त के साथ मौजूद था युवक

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को राहुल अपने सहनिवासी अभिषेक के साथ कमरे में गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों ने नशा करने की बात कही। राहुल ने कथित तौर पर सीरिंज के जरिए नशे की खुराक ली। इसके बाद वह बाथरूम में चला गया।

बताया जा रहा है कि बाथरूम में राहुल ने दोबारा नशे की खुराक ली। कुछ देर बाद वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। काफी समय बीत जाने के बाद जब राहुल बाथरूम से बाहर नहीं आया, तो उसके साथ मौजूद दोस्तों को शक हुआ।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दोस्तों ने बाथरूम का दरवाजा खोलकर देखा तो राहुल अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए बद्दी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। वह बिहार के अरवल जिले के चिरारी गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से अपने दोस्तों के साथ भटोलीकलां में रह रहा था।

घटनास्थल से बरामद हुई सीरिंज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को वहां से नशे के इस्तेमाल में लाई गई एक सीरिंज भी बरामद हुई है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत वास्तव में नशे की ओवरडोज से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *