हिमाचल: खड्ड में तैरती मिली शख्स की देह
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थुनाग क्षेत्र में खड्ड से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने खड्ड में तैरता देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला थुनाग बस अड्डे के समीप का है। रविवार सुबह करीब 11:40 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने खड्ड में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को खड्ड से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान तुलसी राम पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव थुनाड़ी, तहसील थुनाग के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक के हाथ में मछली पकड़ने का जाल था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह खड्ड में मछली पकड़ने गया था और इस दौरान उसका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ने से वह तेज बहाव की चपेट में आ गया। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक खड्ड में किन परिस्थितियों में गिरा और उसकी मौत कैसे हुई।
वहीं, घटना के बाद प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। एसडीएम संजीत शर्मा ने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।