हिमाचल

पानी से भरी बाल्टी बनी मासूम की मौत का कारण डेढ़ साल की बच्ची ने तोड़ा दम

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी क्षेत्र से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां महज डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। बच्ची की अचानक हुई मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मां कुछ देर के लिए गई थी बाहर

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार देर शाम हुआ। मृत बच्ची की पहचान अनाविया प्रवीण, उम्र करीब डेढ़ साल, पुत्री जाहिद अंसारी के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल भराड़ी में किराए के मकान में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्ची की मां कुछ देर के लिए शौचालय गई थी। इस दौरान मासूम घर के रसोईघर में खेल रही थी। इसी बीच खेलते हुए बच्ची करीब 20 लीटर पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिर गई।

मां ने देखा तो उड़ गए होश

कुछ देर बाद जब मां वापस लौटी तो उसने बच्ची को पानी से भरी बाल्टी में डूबा हुआ देखा। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी पास की दुकान पर काम कर रहे बच्ची के पिता को भी दी गई।

परिजन मासूम को आनन-फानन में भराड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

मासूम की मौत की सूचना मिलने के बाद भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्ची की मौत पानी से भरी बाल्टी में डूबने के कारण हुई है।

डेढ़ साल की मासूम की इस तरह अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। यह हादसा छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी एक गंभीर चेतावनी है, क्योंकि घर में रखी पानी से भरी बाल्टी भी मासूम बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *