हिमाचल

मंडी में कलयुगी बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत चेली में एक 20 वर्षीय युवक पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने सो रहे पिता के सिर पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पिता की मौत हो गई।

सो रहे पिता पर किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार चेली गांव निवासी मस्त राम गुरुवार रात घर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के बाद जब मस्त राम बरामदे में सो रहे थे, तभी उनके 20 वर्षीय बड़े बेटे दीपक ने पास रखे तेजधार हथियार, जिसे वैलू या बसोला बताया जा रहा है, से उनके सिर पर वार कर दिया।

हमले में मस्त राम गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी कमरे के अंदर जाकर सो गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों और आरोपी ने 108 एंबुलेंस की मदद से मस्त राम को पधर अस्पताल पहुंचाया।

मंडी ले जाते समय हुई मौत

पधर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मस्त राम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मंडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो आरोपी बेटे ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसके पिता अचानक गिर गए थे और गिरने की वजह से उनके सिर में चोट लगी थी।

पुलिस जांच में खुला हत्या का राज

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। शुक्रवार को एसपी मंडी विनोद कुमार, डीएसपी लोकेंद्र नेगी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी की बताई कहानी पर सवाल खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई प्रेम सिंह और छोटे बेटे के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *