चंबा

चंबा में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत खिड़की से पिता ने देखा खौफनाक मंजर

 

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। भेलू गांव में एक युवती अपने ही कमरे में मृत मिली। घटना का पता उस समय चला, जब रात के समय उसके पिता कमरे के बाहर से गुजर रहे थे और खिड़की से अंदर देखा। बेटी को इस हालत में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

रात को खिड़की से दिखा बेटी का शव

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे रिया ने खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। रात करीब 11 बजे उसके पिता राजिंद्र कुमार कमरे के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो रिया फंदे से लटकी हुई थी।

पिता ने तुरंत अपने बेटे करण कुमार को बुलाया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दोनों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवती को नीचे उतारा। इसके बाद परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सलूणी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक से फोन पर बातचीत को लेकर हुई थी बात

पुलिस जांच के दौरान परिवार की ओर से बताया गया कि रिया एक युवक से फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले परिवार ने उसे समझाया था और उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया था।

परिजनों के अनुसार, रिया ने दोबारा उस युवक से बातचीत नहीं करने की बात कही थी। इसके बाद 25 सितंबर को परिवार ने उसका मोबाइल वापस कर दिया था। हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका वास्तविक कारण क्या था और फोन पर बातचीत का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सलूणी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। युवती की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।

गांव में पसरा मातम

रिया की अचानक मौत से भेलू गांव में शोक का माहौल है। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है। पुलिस की जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *