हिमाचल

ढाबे पर चाय-पराठा खाने पहुंचा युवक, महिला की आंखों में डाली मिर्च मंगलसूत्र छीनकर फरार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुमारसैन के बरूवाग में नेशनल हाईवे-05 किनारे एक ढाबे पर दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई है। आरोपी पहले ग्राहक बनकर ढाबे पर पहुंचा, चाय-पराठा खाया और काफी देर तक वहां बैठा रहा। लेकिन जैसे ही ढाबे पर 61 वर्षीय महिला अकेली हुई, आरोपी ने अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।

घटना 26 सितंबर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कांंकू देवी ने अपने पति सुंदर लाल के साथ करीब एक महीने पहले ही बरूवाग में हाईवे किनारे ढाबा शुरू किया था। सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ढाबे पर आया और चाय-पराठा खाने के बाद काफी देर तक वहीं बैठा रहा।

करीब 11 बजे कांंकू देवी के पति ढाबे के लिए सामान लेने नारकंडा बाजार चले गए। इसके बाद महिला ढाबे पर अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे वह ढाबे के बाहर बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान आरोपी पीछे से अचानक उनके पास पहुंचा और दोनों आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।

आंखों में मिर्च पड़ते ही महिला दर्द और जलन से परेशान हो गईं और उन्हें कुछ दिखाई देना बंद हो गया। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटा और वहां से फरार हो गया।

वारदात के बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। आंखों में मिर्च होने के कारण महिला आरोपी के भागने की दिशा भी नहीं देख सकीं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। महिला ने पुलिस को आरोपी का हुलिया भी बताया है। उसके मुताबिक आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है। वारदात के समय उसने सफेद चेकदार कमीज, सफेद पट्टियों वाली काली पैंट और काले जूते पहन रखे थे।

पुलिस ने कुमारसैन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया है। एएसपी मेहर पंवर के अनुसार मामले की जांच एएसआई किशोरी लाल कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटा रही है और वारदात के बाद उसके संभावित भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।

हाईवे किनारे दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों और ढाबा संचालकों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *