परिवार ने खो दिया 30 साल का जवान बेटा नशे की ओवरडोज मानी जा रही वजह
हिमाचल प्रदेश में नशे का बढ़ता कारोबार और इसका सेवन लगातार युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। आए दिन नशे के कारण युवाओं की मौत के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ रहे हैं। अब ऐसा ही एक संदिग्ध मामला चंबा जिले के तीसा से सामने आया है। यहां 30 वर्षीय युवक की अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवक मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत अवस्था में मिला था। शुरुआती जांच में मौत का कारण नशे की ओवरडोज होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मेडिकल स्टोर के बाहर बेसुध पड़ा मिला 30 वर्षीय युवक
जानकारी के अनुसार मामला चुराह क्षेत्र के तीसा का है। मृतक की पहचान भराड़ा गांव निवासी दलीप सिंह (30) पुत्र नेगी राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह दलीप सिंह सिविल अस्पताल तीसा के नजदीक एक मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।
युवक को बेसुध हालत में देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। लेकिन दुर्भाग्यवश चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे की ओवरडोज की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
महज 30 साल की उम्र में युवक की अचानक मौत से इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की जान अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन के कारण गई हो सकती है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दलीप सिंह की मौत नशे की ओवरडोज से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही युवक की मौत से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मामले की पुष्टि करते हुए चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
वहीं, 30 वर्षीय जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस उम्र में दलीप सिंह को अपने परिवार के सपनों को पूरा करना था, उस उम्र में उसकी अचानक मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हिमाचल प्रदेश में युवाओं के बीच नशे का बढ़ता चलन लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि दलीप सिंह की मौत के पीछे नशे की ओवरडोज की अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई को तेज करने की जरूरत जरूर उजागर कर दी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे युवक की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।