सोलन में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत कमरे में फंदे से लटका मिला शव
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार गहरे सदमे में है।
जानकारी के अनुसार, मामला बद्दी क्षेत्र के किशनपुरा का है। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर किशोरी ने अपनी मां से कहा कि वह आराम करने जा रही है। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर मां उसे देखने पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
जब परिवार ने खिड़की से अंदर देखा तो किशोरी फंदे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और परिजनों ने भी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।
मृतक किशोरी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और अपने माता-पिता के साथ बद्दी में किराए के मकान में रहती थी। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
मामले की पुष्टि एएसपी अशोक वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।