हिमाचल

चंबा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

चंबा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, सड़क किनारे मिला शव

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 36 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मामला तीसा मार्ग पर मेडिकल कॉलेज सरोल के पास बैंसका क्षेत्र का है। गुरुवार सुबह स्थानीय लोग जब इस मार्ग से गुजर रहे थे, तो उन्होंने सड़क किनारे एक युवक को बेसुध हालत में पड़ा देखा। काफी देर तक युवक के नहीं उठने पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय रज्जाक अली शाह पुत्र शौकत अली शाह निवासी बैंसका के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद हरदासपुरा कब्रिस्तान में युवक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *