बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से युवा लाइनमैन की मौत
पालमपुर में दर्दनाक हादसा:
पालमपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। कांगड़ा जिले के विंद्रावन क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान बिजली विभाग के 28 वर्षीय कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान मोहन लाल उर्फ मोनू निवासी रानीताल के रूप में हुई है, जो विद्युत उपमंडल विंद्रावन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार रविवार रात आए तेज तूफान के कारण क्षेत्र में बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सोमवार सुबह विभाग की टीम बिजली बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य में जुटी थी।
बताया जा रहा है कि मोहन लाल वार्ड नंबर 7 के जंगल क्षेत्र में टूट चुकी बिजली लाइन को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था, जबकि अन्य कर्मचारी नीचे से तारों को संभाल रहे थे। मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले लाइन को बंद किया गया था ताकि कर्मचारी सुरक्षित तरीके से काम कर सकें।
इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। आशंका जताई जा रही है कि किसी स्तर पर बिजली सप्लाई दोबारा चालू कर दी गई, जिससे पूरा सिस्टम एक्टिव हो गया। नीचे मौजूद कर्मचारियों ने जैसे ही तारों में करंट महसूस किया, उन्होंने तुरंत तार छोड़ दिए, लेकिन खंभे पर मौजूद मोहन लाल को संभलने का मौका नहीं मिला। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।
साथी कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में मोहन लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मोहन लाल की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग भी यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर बंद लाइन में अचानक करंट कैसे आ गया। प्रारंभिक तौर पर मामला विभागीय लापरवाही से जुड़ा माना जा रहा है।